फोटो-18- आदित्य राठौर (फाइल फोटो)।
बांगरमऊ। लखनऊ मार्ग पर एक सप्ताह पहले बाइक की टक्कर से घायल ठेलिया दुकानदार की सोमवार रात इलाज के दौरान लखनऊ के अस्पताल में मौत हो गई। मंगलवार दोपहर शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के आसत मोहिउद्दीनपुर निवासी कुंदन ने पुलिस को बताया कि बेटा आदित्य राठौर (36) गांव के चौराहे पर मोमोज का ठेला लगाता था। 31 मार्च की शाम ठेले के पास सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से आए बाइक सवार कोतवाली क्षेत्र के हमजा निवासी रिजवान ने उसको टक्कर मार दी। आदित्य का लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। सोमवार की रात बेटे की मौत हो गई। आदित्य की मौत से पत्नी पूजन, बेटी काजल व बेटा राजू समेत परिवार बेहाल है। कोतवाल प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।