बांगरमऊ। कोतवाली क्षेत्र के सुरसेनी गांव के सामने शुक्रवार की शाम स्कार्पियो की टक्कर से घायल एक और युवक ने शनिवार की सुबह दम तोड़ दिया। इस हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है जबकि मां-बेटी का इलाज चल रहा है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी उमेश (40) कोतवाली क्षेत्र में हरदोई मार्ग किनारे शराब ठेके पर काम करते थे। शुक्रवार को ठेके पर काम करने वाले साथी बांगरमऊ के मोहल्ला गणेशगंज निवासी वीरेंद्र के साथ किसी काम से जा रहे थे। लखनऊ मार्ग पर सुरसेनी गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उनके साथ अन्य बाइक सवार को टक्कर मारते हुए खंती में जाकर पलट गई। हादसे में वीरेंद्र और दूसरी बाइक पर सवार मारूफ की मौत हो गई थी। मारूफ की पत्नी जरीना और बेटी जिकरा के साथ उमेश भी घायल हुए थे।
घायल उमेश की इलाज के दौरान कानपुर के निजी अस्पताल में शनिवार की सुबह मौत हो गई। घायल जरीना व पुत्री जिकरा का इलाज चल रहा है। उमेश की मौत से पत्नी सोनी, बच्चे वैष्णवी व विनायक समेत अन्य परिजन बेहाल है। मारूफ व वीरेंद्र के शव शनिवार को पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने अपने-अपने धार्मिक रीति रिवाज से शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मारूफ के भाई सईद ने तहरीर दी है। अज्ञात स्कार्पियो चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। स्कार्पियों पुलिस के कब्जे में हैं। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
देर रात स्कार्पियो का घायल पहुंचा सीएचसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार घायल अवस्था में ही मौके से भाग गए थे। शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे स्कार्पियो सवार घायल उवैस पुत्र मोहम्मद रईस सीएचसी पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।