बांगरमऊ। परिवहन विभाग ने बृहस्पतिवार दोपहर नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ शिकंजा कसा। यात्री कर अधिकारी ने अभियान चलाकर 35 वाहनों के चालान किए गए जबकि छह को सीज कर दिया।
यात्री कर अधिकारी शहपर किदवई ने कोतवाली पुलिस के साथ क्षेत्र के कई मार्गों पर अभियान चलाया। वाहनों को रोककर उनकी स्थिति और दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं, सड़क किनारे खड़े वाहनों की भी जांच की गई। शाम तक चली इस कार्रवाई में गलत नंबर प्लेट, बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट समेत अन्य कमियों पर 35 वाहनों के चालन किए गए। छह वाहनों को सीज कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को सही दिशा में गाड़ी चलाने के महत्व और रात में हेडलाइट के लो व हाई बीम के सही प्रयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।