फोटो-13- दुकान में रखा फफूंदी लगा खोया। संवाद
हसनगंज। मोहान नगर पंचायत चौराहे पर स्थित बंगाली स्वीट्स दुकान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच की। दुकान में खराब मिठाई और फफूंद लगा खोया मिला। विभाग की टीम ने दो बाल्टी फफूंद लगा खोया नष्ट कराया। लड्डू, खोया समेत अन्य मिठाइयों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
यह कार्रवाई हसनगंज निवासी मिलन पांडेय की शिकायत पर हुई। उन्होंने बृहस्पतिवार शाम बंगाली स्वीट्स से एक किलो लड्डू खरीदे थे। लड्डू खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। मिलन पांडेय ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत कर जांच की मांग की थी।
इस पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र पांडेय टीम के साथ दुकान पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान दो बाल्टियों में फफूंद लगा खोया मिला। कड़ाही में रखा छेना और चासनी भी खराब स्थिति में पाई गई। इनमें चींटियां और मृत मक्खियां भी मिलीं। खाद्य सुरक्षा टीम के पहुंचते ही मोहान चौराहे के कई अन्य मिठाई दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए।
फोटो-13- दुकान में रखा फफूंदी लगा खोया। संवाद