बीघापुर। एसीएमओ ने शनिवार को पीएचसी प्रभारी के साथ नगर पंचायत में संचालित छह अस्पतालों का निरीक्षण किया। बिना पंजीकरण संचालित अस्पताल को सील कर दिया। तीन अस्पतालों में डॉक्टर न मिलने पर उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
संपूर्ण समाधान दिवस से वापस लौट रहे एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बीघापुर पीएचसी प्रभारी पंकज पांडेय के साथ नगर पंचायत में संचालित सनराइज हॉस्पिटल, अपोलो हॉस्पिटल, बीघापुर मेडिकल सेंटर, जेडी हॉस्पिटल एंड फ्रैक्चर सेंटर, सुपर हॉस्पिटल व मां हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। एसीएमओ ने बताया कि मां हॉस्पिटल के संचालक पंजीकरण के दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसके अलावा अस्पताल में कोई चिकित्सक भी नहीं मिला। इस पर अस्पताल को सील कर दिया गया है। बताया कि सनराइज हॉस्पिटल व सुपर हॉस्पिटल में ही डॉक्टर मौजूद मिले। अन्य तीन अस्पतालों में मरीज तो भर्ती मिले लेकिन कोई डॉक्टर नहीं मिला। इस पर संचालकों को नोटिस जारी की जा रही है।