फोटो-14- एक्सप्रेसवे पर डीसीएम से भिड़ी खड़ी कार। स्रोत: पुलिस
बांगरमऊ (उन्नाव)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास लखनऊ से एटा जा रही कार खड़ी डीसीएम से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
फिरोजाबाद के थाना अराव के नगला धर्म गांव निवासी मुमतेश कुमार डीसीएम में पालतू गायों को लेकर गोरखपुर से कानपुर जा रहा था। बुधवार भोर करीब चार बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास डीसीएम खड़ी कर लघुशंका करने लगा।
इसी बीच लखनऊ से एटा जा रही कार चालक को झपकी आने से डीसीएम से टकरा गई। हादसे में कार चालक हाकिम सिंह (32) निवासी सदर एटा थाना उदितपुर, संगीता (18) निवासी भोगांव मैनपुरी व अवनीश कुमार (29) निवासी उदितपुर सदर एटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी देवखरी तफूज अहमद ने एंबुलेंस से घायलों को बांगरमऊ सीएचसी भेजा। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटवाया गया।
इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बांगरमऊ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि खड़ी डीसीएम में कार टकराने से युवती समेत तीन लोग घायल हुए हैं।