फोटो-17- अखिलेश कुमार प्रजापति (फाइल फोटो)।
बीघापुर। बिहार थाना क्षेत्र के गांव आकमपुर निवासी शटरिंग कारीगर की छत से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आकमपुर निवासी निखिलेश ने बताया कि बड़े भाई अखिलेश कुमार प्रजापति उर्फ सोनू (35) वर्ष शटरिंग का काम करते थे। शनिवार दोपहर वह गांव में रहने वाले साझेदार के घर गए थे। जहां दोनों छत पर धूप में बैठकर बात कर रहे थे। अखिलेश घर जाने के लिए खड़े हुए इसी बीच उन्हें चक्कर आ गया। छत में रेलिंग न होने के कारण वह आरसीसी रोड पर सिर के बल गिर गए।
सूचना पर परिजन उन्हें सुमेरपुर अस्पताल ले जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अखिलेश की मौत पर पत्नी रितिका, मां सूर्यमती, बेटियां दीपाली, सौम्या व स्वाती समेत परिजन बेहाल हैं। मृतक की तीन बहने हैं जिनकी शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।