फोटो-9-फतेहपुर चौरासी ब्लॉक में धरने पर बैठें सचिव। संवाद
उन्नाव। ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध व अन्य मांगों को लेकर ग्राम सचिवों का सत्याग्रह एक दिसंबर से चल रहा है। शुक्रवार को ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति ने ब्लॉक मुख्यालयों पर धरना दिया। इसके बाद बीडीओ के माध्यम से मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा। इसके अलावा सचिवों ने सभी सरकारी व्हाट्सएप ग्रुपों से स्वयं को अलग कर लिया।
सफीपुर और मियागंज ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति ने सत्याग्रह के पांचवें दिन दो घंटे धरना दिया। सचिव ने कहा कि उनका कार्य क्षेत्र आधारित है ऐसे में ऑनलाइन उपस्थित अनुकूल नहीं है। कहा कि जनता के कार्य करते रहेंगे लेकिन वित्तीय कार्य नहीं करेंगे। इसके बाद सचिवों ने सफीपुर में बीडीओ श्वेता त्रिपाठी व मियागंज में एडीओ कृषि रामकिशोर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
बीघापुर ब्लॉक फतेहपुर चौरासी ब्लाॅक के ग्राम सचिवों ने शुक्रवार को बीडीओ श्वेता त्रिपाठी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। मौरावां में शुक्रवार को हिलौली के सभी ग्राम सचिवों ने शांतिपूर्वक धरना दिया। बिछिया में ब्लॉक कार्यालय दोपहर दो बजे तक चले प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को दिया गया। सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक में अध्यक्ष अजीत सिंह व महामंत्री शैलेंद्र शुक्ल की अगुवाई में ग्राम सचिवों ने प्रदर्शन किया। गंजमुरादाबाद में कर्मचारियों ने एडीओ निर्मल कुमार को ज्ञापन दिया। बांगरमऊ में ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों ने बीडीओ अनिल कुमार सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। हसनगंज में ग्राम पंचायत सचिवों ने दूसरे विभागों के काम में लगाने का भी विरोध किया।