असोहा। पुलिस ने फोन झपटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सात मोबाइल, चार हजार रुपये बरामद किए हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है।
16 अक्तूबर की शाम चार बजे थाना क्षेत्र के मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर सरवन मोड़ के पास पति का इंतजार कर रही सरवन निवासी आरती का मोबाइल बाइक सवार बदमाश झपट ले गए थे। महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। एसपी ने पुलिस के साथ ही एसओजी और सर्विलांस टीम को भी खुलासे में लगाया था।
शुक्रवार की सुबह लगभग तीन बजे चौकी इंचार्ज कालूखेड़ा मृत्युंजय पुलिस फोर्स के साथ मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर पहासा मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान दो बाइकों पर सवार पांच लोगों को रोका। इनमें एक युवक बाइक समेत भाग निकला। चारों की तलाशी में उनके पास से सात मोबाइल फोन और चार हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में चारों ने फोन छीनने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम अभिनंदन उर्फ गुंजन निवासी मोहनखेड़ा सगौली थाना मौरावां, दिव्यांश उर्फ डब्बू, सारिक खान और सैफ अली निवासी फत्तेखेड़ा थाना मोहनलालगंज जनपद लखनऊ बताए हैं।
एसओ निखलेश कुमार ने बताया की चेकिंग के दौरान फोन छीनने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के चार बदमाशों को पकड़ा गया है। 16 अक्तूबर को महिला का फोन छीनने की घटना कबूल की है। सभी को जेल भेज दिया गया है।