गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बहलोलपुर के पास बृहस्पतिवार की दोपहर चालक को झपकी आने से एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में अहमदाबाद से बिहार जा रहे एक ही परिवार के पांच सदस्यों व चालक को मामूली चोटें आई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी दूसरी कार से घर चले गए।
बिहार प्रांत के जिला बेगूसराय के थाना गढ़पुरा के गांव दुनई निवासी रोहित यादव (40), पत्नी मुस्कान (38), बेटे आदित्य (18), देवराज (15) व सुमित (11) के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने दो दिन पूर्व अहमदाबाद गए थे। बृहस्पतिवार को पूरा परिवार वापस लौट रहा था। कार इसी गांव का रहने वाला रणधीर पासवान (32) चला रहा था। दोपहर करीब 12 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहलोलपुर के पास चालक झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। दूसरी कार से परिवार अपने गंतव्य को रवाना हो गया। बांगरमऊ कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ था। मामूली रूप से घायल कार सवार परिवार प्राथमिक उपचार के बाद घर चला गया।