सफीपुर। गर्भवती महिला ने पति पर फोन पर तीन तलाक देने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के उनवां गांव की नेहा पुत्री लड्डन ने पुलिस बताया कि उसका निकाह 20 फरवरी 2025 को थाना बांगरमऊ क्षेत्र गांव फतेहपुर हमजा निवासी शरीफ से हुआ था। निकाह के बाद से ही सास रुकसाना, जेठ हसीन, ननद खुशनुमा और पति शरीफ कम दहेज का ताना देकर प्रताड़ित करते थे। एक बार परिजनों से लेकर 20 हजार रुपये पति को दिए भी।
बताया कि शरीफ ने उसे तीन माह बंगलूरू में रखा। वहां भी उससे मारपीट करता था। 25 अगस्त 2025 को फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के काली मिट्टी चौराहे पर छोड़कर भाग गया। तब से वह मायके में है। एक अक्तूबर की रात 10 बजे शरीफ ने फोन कर तीन तलाक देकर दूसरी महिला से विवाह करने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि वह छह माह की गर्भवती है। कोतवाल एसएन त्रिपाठी ने बताया कि पति सहित चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।