बेहटामुजावर (उन्नाव)। क्षेत्र के भटौली गांव में शनिवार रात चोरों ने दो घरों से लाखों का माल पार कर दिया। वृद्धा ने अपने और पांच बहुओं के करीब 60 लाख के सोने-चांदी के जेवर और 80 हजार रुपये चोरी होने की तहरीर दी है। राजगीर के घर से चोर करीब दो लाख के जेवर और 96 हजार रुपये ले गए। चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीण नारेबाजी करते हुए थाने पहुंच गए। सीओ ने रिपोर्ट दर्ज कर जल्द खुलासा करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
बेहटा मुजावर थाने से तीन किलोमीटर दूर भटौली गांव निवासी वृद्धा कमला देवी के दिवंगत पति दिरगज लाल सरकारी शिक्षक थे। पांच बेटों में एक बेटे बलवीर की मौत हो चुकी है। जयवीर एक निजी अस्पताल में काम करते हैं। रामवीर किसान, रणवीर परिवहन निगम में चालक और सबसे छोटा बेटा अंकित रायबरेली में स्टील प्लांट में काम करता है।
कमला ने बताया कि उन्हें पेंशन मिलती है। पांचों बहुएं साथ ही रहती हैं। इस समय सबसे छोटी बहू हिमांशी रायबरेली में है। बहू मधुरी, विनीता , नीलम, प्रीती यहीं हैं। बेटे जयवीर ने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद परिवार के कुछ लोग छत पर और बहू विनीता अन्य कमरे में सो गईं। देर रात घर में दाखिल चोरों ने मां और हिमांशी के कमरे की कुंडी काटी और अलमारी का ताला तोड़कर पांचों बहुओं और सास के जेवर और 80 हजार रुपये चुराकर घर के पीछे के दरवाजे की कुंडी काटकर निकल गए।
शनिवार सुबह करीब तीन बजे बहू विनीता की नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की। बक्सा और खाली बैग घर से कुछ दूर खेत में मिले। कमला ने बताया कि 600 ग्राम सोने और चार किलो चांदी के जेवर चोरी हुए हैं।
चोरों ने यहां से करीब 300 मीटर दूर राजमिस्त्री सरजू के घर में छत के रास्ते दाखिल होकर उनकी पत्नी सुनीता और दिवंगत बहू संध्या के करीब दो लाख के जेवर और 96 हजार रुपये पार कर दिए। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच करके चली गई। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीण, बेहटामुजावर थाने पहुंचे और विरोध जताया। वृद्धा के बेटे जयवीर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ संतोष कुमार ने घटनाओं के जल्द खुलासा करने का आश्वासन देकर शांत कराया।
नशीला स्प्रे डालने की जताई आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है उससे अनुमान है कि घटना से पहले चोरों ने नशीले स्प्रे का प्रयोग किया होगा। अलमारी को तोड़ने और बक्सों को उठाकर ले जाने में कुछ तो खटपट हुई होगी लेकिन परिवार के किसी भी सदस्य को आहट तक नहीं मिली।
बांगरमऊ सर्किल में चोरी की घटनाओं से दहशत
बांगरमऊ कोतवाली के संडीला-बांगरमऊ मार्ग के आरएस चौराहे पर 17 सितंबर को आठ दुकानों में चोरी हुई थी। इनमें शीतलगंज निवासी दीपू किराना, बांगरमऊ के महफूज खान मेडिकल स्टोर, नरेंद्र कुशवाहा बेकरी, जोगीकोट निवासी नियाज बिजली उपकरण की दुकान, अमीरपुर निवासी पुत्तनलाल मिठाई की दुकान, मयंक बिजली उपकरण की दुकान, शहनूर सैलून और भगवंतपुर गोटपाली निवासी आरिज जनसेवा केंद्र को चोरों ने निशाना बनाया था। इससे पहले 15 सितंबर को बेहटा कस्बा में एक ही रात में सात दुकानों में चोरी हुई थी। इन दोनों घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है।