फोटो-32 महिला वार्ड में भर्ती महिलाओं से जानकारी लेते परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ.पवन कुमार। स्र
उन्नाव। महानिदेशक परिवार कल्याण को महिला वार्ड में गंदगी मिली। इसपर जमकर फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार का निर्देश दिया। वहीं दोबारा औचक निरीक्षण की हिदायत दी है। दोबारा ऐसी व्यवस्था मिलने पर कार्रवाई की बात भी कही।
परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ.पवन कुमार शनिवार रात आठ बजे जिला महिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां स्टाफ रजिस्टर चेक किया। इसमें उन्हें पूरा स्टाफ ड्यृटी पर तैनात मिला। इसके बाद भर्ती बच्चों को देखा और स्टाफ नर्स से बच्चों की हालत के बारे में जानकारी ली। इसके बाद महानिदेशक महिला वार्ड पहुंचे। यहां उन्हें जगह-जगह गंदगी मिली। उन्हें फर्श पर गंदगी, बेडशीट और और शौचालय स्थिति खराब मिली।
इस पर उन्होंने कर्मचारियों काे जमकर फटकारा और तत्काल व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। वहीं वार्ड में भर्ती महिलाओं से इलाज संबंधी जानकारी भी ली। इसके बाद प्रसव कक्ष पहुंचे। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ.अल्का से जानकारी ली और मरीजों को समुचित इलाज देने का निर्देश दिया। महानिदेशक ने सीएमएस को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए, वार्ड इंचार्ज की जिम्मेदारी तय हो और शिकायत रजिस्टर को सक्रिय रखा जाए। साथ ही, मरीजों की प्रतिक्रिया लेकर सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि मरीजों की सेहत के साथ भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगले निरीक्षण में यदि सुधार नहीं मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।