फोटो-7- क्लीनिक बंद कराते सीएचसी अधीक्षक डॉ.नितिन। स्रोत: कर्मचारी
हसनगंज। सीएचसी अधीक्षक ने अवैध क्लीनिक को बंद करा दिया। संचालक को तीन दिन में कागज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। दोबारा संचालन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
हसनगंज क्षेत्र के धौरा गांव में मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से एक क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था। मंगलवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. नितिन श्रीवास्तव ने छापेमारी की। इस दौरान मौके पर क्लीनिक चलता हुआ पाया गया, यहां मरीजों का उपचार किया जा रहा था। संचालक के पास क्लीनिक संचालन से जुड़े अभिलेख और अनुमति नहीं थी। न तो इलाज करने वाले व्यक्ति की वैध डिग्री प्रस्तुत की जा सकी और न ही क्लीनिक पंजीकरण से संबंधित कोई दस्तावेज मौके पर मिले।
इसपर अधीक्षक ने क्लीनिक बंद करा दिया और तीन दिन के भीतर सभी अभिलेख लेकर कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि दोबारा संचालन मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।