उन्नाव। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में जरूरी जांचों की सुविधा नहीं है। यहां अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट सहित कई जांचें नहीं हो पाती हैं। ऐसे में दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को मजबूरी में जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है या फिर निजी पैथोलॉजी में जांच करानी पड़ रही है। इससे उनका समय और पैसा तो बर्बाद होता ही है कई बार इलाज में देरी से उनकी जान पर बन आती है।
जिला अस्पताल सहित 16 सीएचसी में 2022 में हेल्थ एटीएम लगवाया गया था। इन एटीएम के जरिए मरीजों को 59 प्रकार की जांचों की सुविधा मिलने लगी थी। हालांकि यह सुविधा ज्यादा दिन नहीं चल सकी। करीब छह माह से एटीएम से मात्र बीपी व वजन ही नापने का काम चल रहा है। इससे मरीजों को जांचों की मुफ्त सुविधा व तत्काल रिपोर्ट देने का दावा धरातल पर फेल नजर आ रहा है। साथ ही जिले की सीएचसी में कई बार पत्राचार के बाद अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं शुरू हो सकी। सफीपुर, नवाबगंज, बांगरमऊ में मशीन तो है लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं हैं। ऐसे में वर्षों से जांचें बंद हैं। सीएमओ ने रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और मशीन के लिए कई बार पत्राचार किया लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है। ऐसे में दर्द झेलते मरीज व्यवस्था को कोसते दिखते हैं।
-
केवल पुरवा में शुरू हो पाई पब्लिक हेल्थ यूनिट
आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत ब्लॉक स्तर पर सभी सीएचसी में 48 लाख की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) के निर्माण की योजना 2024 में शुरू की गई थी। लैब को अपग्रेड करके हाईटेक लैब बनाने का प्रस्ताव पास किया गया था। पहले चरण में अप्रैल 2024 में जिले के पुरवा, मियागंज, बिछिया, नवाबगंज, बांगरमऊ, अचलगंज, सफीपुर सीएचसी में काम शुरू कराया गया। सितंबर 2024 तक काम पूरा करके भवन हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया था लेकिन इनमें से केवल पुरवा सीएचसी में यूनिट का संचालन पूरी तरह शुरू हो पाया है।
बोले जिम्मेदार
सीएचसी में बेसिक जांचें कराई जा रही हैं। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी सभी सीएचसी में जल्द ही शुरू हो जाएगी। अल्ट्रासाउंड जांच के लिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं है। शासन को लगातार पत्र भेजा जा रहा है। जैसे ही तैनाती होगी अल्ट्रासाउंड जांच भी शुरू हो जाएगी। -डॉ. एचएन प्रसाद, प्रभारी सीएमओ।
फोटो-7- हसनगंज सीएचसी में बंद रखी अल्ट्रासाउंड मशीन। संवाद- फोटो : poni news
फोटो-7- हसनगंज सीएचसी में बंद रखी अल्ट्रासाउंड मशीन। संवाद- फोटो : poni news