फोटो-10- युवाओं को जानकारी देतीं जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा। स्रोत: कर्मचारी
उन्नाव। संगम पोर्टल युवाओं के लिए रोजगार की राह खोल रहा है। इस साल 38224 युवाओं ने संगम पोर्टल पर पंजीकृत कराया। 2283 युवाओं को इसके माध्यम से नौकरी मिल चुकी हैं। सरकारी विभाग में आउटसोर्सिंग पर 143 और निजी कंपनियों ने 2140 युवाओं को चयनित किया। युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सके। इसके लिए रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया गया है। फरवरी 2024 में शुभारंभ किया गया। इसके बाद युवाओं को पंजीकरण करने की अपील की गई। इसी पोर्टल के माध्यम से सेवायोजन कार्यालय की ओर से 2024-25 में 34 रोजगार मेले आयोजित किए गए। योग्यता और अनुभव के आधार पर विभिन्न कंपनियों ने 2140 युवाओं को नौकरी के लिए चयनित किया।
इसके अलावा 143 युवाओं को सरकारी विभाग में आउटसोर्सिंग पर संगम पोर्टल के माध्यम से नौकरी के लिए चयनित किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने बताया कि यह पोर्टल सेवायोजन साइट की तरह है लेकिन इसमें युवाओं की पूरी जानकारी होती है। पंजीकरण के दौरान युवाओं को शैक्षिक योग्यता, कार्य अनुभव, किस क्षेत्र में कार्य अनुभव है, किस क्षेत्र में कॅरिअर बनान चाहते हैं, पारिवारिक विवरण आदि भरना होता है। बताया कि जिला सेवा योजन कार्यालय की ओर से युवाओं को इस पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले युवाओं से प्राथमिकता पर निजी क्षेत्रों व संविदा पर नौकरी के लिए संपर्क किया जाता है। - प्रीति चंद्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
सबसे पहले rojgaarsangam.gov.in पर जाएं। इसके बाद लॉग इन करे, स्क्रीन पर फार्म खुलेगा। इसके बाद रजिस्टर फार कैंपस स्टूडेंट, अगर युवा कहीं अध्यनरत हैं तो इस पर क्लिक करें। वहीं जो पढ़ाई करके नौकरी की तलाश में हैं वह जॉब सीकर पर क्लिक करें। इसके बाद पूरा विवरण भरकर सम्मिट कर दें।