उन्नाव। जिला महिला अस्पताल में भर्ती मरीज से मिलने पहुंचे तीमारदार को सुरक्षा गार्डों ने गेट पर ही रोक लिया। इस पर तीमारदार और गार्ड के बीच कहासुनी हुई। थोड़ी देर बाद मारपीट भी हो गई। दोनों पक्षों ने अस्पताल चौकी में शिकायती पत्र दिया है।
परियर क्षेत्र के हसनापुर गांव निवासी दीपिका पांडेय को बुधवार को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्रसव के बाद शाम आठ बजे दीपिका को जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बृहस्पतिवार की सुबह मां ममता और पति वार्ड में देखने जा रहे थे। वार्ड के बाहर तैनात गार्ड ने मिलने का समय पूरा होने की बात कहकर बाहर ही रोक लिया। इसको लेकर तीमारदार ने विरोध किया तो दोनों के बीच बहस होने लगी।
देखते ही देखते गार्ड व तीमारदार के बीच हाथापाई हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है, जांच की जा रही है।