उन्नाव। पुरुष वर्ग के एकल में प्रयागराज के अंश विशाल गुप्ता ने राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजेता बने। बालिका एकल में आगरा की दिव्यांशी ने बाजी मारी। इसके अलावा डबल्स में बाल केसरी यादव व शुभम यादव की जोड़ी ने जीत हासिल की।
बाईपास स्थित स्टेडियम में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजन किया गया। बुधवार को प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले खेले गए। बालक सिंगल में प्रयागराज के अंश ने नोएडा के नीर नेहवाल को 21- 17 से हराया। बालिका वर्ग में दिव्यांशी ने शिवांगी सिंह को 21-15 से हराया। इसके अलावा युगल में बाल केसरी यादव व शुभम यादव की जोड़ी ने राजन यादव व तुषार की जोड़ी को 21-8 और 21-12 से पराजित कियाा। बालिका वर्ग में रिद्धि व रिद्धिमा सिंह की जोड़ी ने माही गंबर व राधा ठाकुर की जोड़ी को 21-6 21-4 से पराजित किया।
सदर विधायक पंकज गुप्ता, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरुण कुमार कक्कड़, राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम के कोच और जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव गौरव खन्ना ने प्रतीक चिह्न और एक लाख रुपये पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ तिवारी विश्व ने किया। इस दौरान अंतराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी पलक कोहली, अटल बिहारी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजब सिंह यादव, मयंक कुमार, अभिजीत यादव, सोनू सिंह, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।