उन्नाव। जिले में सोमवार को एक साथ 13 बुखार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इससे हलचल मच गई है। सीएमओ ने सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों को बुखार मरीजों की जांच का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया है।
जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इधर कुछ दिनों में डेंगू के मामले लगातार मिल रहे हैं। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में एक साथ 13 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। संक्रमितों में शहर के पूरन नगर की 32 साल की महिला और आदर्श नगर की 22 साल की युवती शामिल है। इसके अलावा शंकरपुर सरांय निवासी 60 साल की वृद्धा, 22 साल की युवती, अशोक नगर के 22 साल के युवक, सरोसी ब्लॉक के शुक्लापुर के 48 की महिला, शुक्लागंज की 22 साल की महिला, यहीं की 30 साल के युवक, बीघापुर ब्लॉक के मुलाहिमपुर की 25 साल की युवती, धानीखेड़ा के 40 साल के युवक, असोहा के कांथा निवासी 30 साल के युवक, ओहरापुर निवासी 29 साल के युवक और पुरवा के दालीगढ़ी निवासी 66 साल की वृद्धा में डेंगू संक्रमण पाया गया है।
अब तक कुल 77 लोगों को डेंगू की पुष्टि हुो चुकी है। सीएमओ डॉ.सत्यप्रकाश ने बताया कि संक्रमितों के घर व आसपास कीटनाशक छिड़काव व जांच कराई जाएगी। सभी सीएचसी व पीएचसी प्रभारियों को बुखार मरीजों की सूची तैयार करने और जांच का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
ओपीडी में रही भीड़, हुई धक्कामुक्की
उन्नाव। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भीड़ रही। इससे पर्चा काउंटर से लेकर पैथोलॉजी तक कई बार धक्कामुक्की हुई। हालांकि सुरक्षा गार्डों ने मामला शांत कराया। सोमवार को पर्चा काउंटर पर 1948 लोगों ने पर्चा बनवाया और ओपीडी में डॉक्टरों को दिखाया। सबसे अधिक भीड़ फिजीशियन और बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में रही। फिजीशियन डॉ.अमित तिवारी ने बताया कि इन दिनों बुखार मरीजों की संख्या बढ़ी है। सुबह- शाम मच्छरों से बचाव करें, फुल आस्तीन के कपड़े पहनें। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा का सेवन न करें। (संवाद)