उन्नाव/पुरवा। डेंगू का प्रकोप जिले में शुरू हो गया है। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में वृद्धा डेंगू संक्रमित पाई गई। सीएचसी टीम ने वृद्धा के घर व आसपास कीटनाशक छिड़काव किया।
पुरवा के मिर्री चौराहा निवासी 85 साल की एक बुजुर्ग महिला को कई दिन से बुखार आ रहा था। पहले नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया। बुखार में राहत न मिलने पर परिजन लखनऊ लेकर पहुंचे। यहां जांच में वृद्धा को डेंगू की पुष्टि हुई। सीएचसी प्रभारी डॉ.दिनेश कुमार ने बताया कि डेंगू की पुष्टि होने पर वृद्धा के घर व आसपास कीटनाशक छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा डेंगू व मलेरिया की आशंका पर मोहल्ले के 37 लोगों की जांच की गई। मलेरिया की जांच निगेटिव आई है।
हालांकि डेंगू रिपोर्ट का इंतजार किया गजा रहा है। इधर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड बुखार और डायरिया के 14 मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डेंगू और मलेरिया की आंशका पर बुखार मरीजों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।
जिला मलेरिया अधिकारी अर्चना मिश्रा ने बताया कि बीघापुर के टेढ़ा गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 33 बुखार मरीजों के सैंपल लिए गए है। इसके अलावा आसपास कीटनाशक छिड़काव भी कराया गया है। इस दौरान वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक विकास वर्मा भी मौजूद रहे।