जालिपा देवी मंदिर परिसर में आयोजित दंगल में दांव आजमाते पहलवान। संवाद
उन्नाव। बिछिया ब्लॉक के बरिगवां स्थित जालिपा देवी मंदिर में मंगलवार की शाम को दंगल का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में उन्नाव के मनीष पहलवान ने बरेली के मनोज को चित कर दंगल केसरी का खिताब अपने नाम किया।
दंगल का शुभारंभ मां जालिपा देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल सैनी, राजेश पाल और जगतपाल सिंह लोधी ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कराया। पहली कुश्ती नेपाल के गूंगा पहलवान और दिल्ली के टाइगर पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों ने एक दूसरे को चित्त करने की पूरी कोशिश की। आखिर में गूंगा पहलवान ने धोबी पछाड़ दांव से टाइगर पहलवान को चारों खाने चित्त कर दिया।
इसके बाद सुजीत पहलवान और महंत दास के बीच कुश्ती हुई। इसमें महंत ने सुजीत को पटकनी दी। इसके अलावा भालचंद्र, रामू सहित अन्य पहलवानों ने भी कुश्ती लड़ी। दंगल में टेक्निकल कोच राम चंद्र तिवारी ने रेफरी की भूमिका निभाई। आखिर में दंगल केसरी का खिताब मनीष को दिया गया। इस दौरान रामपाल, धर्मपाल पाल सिंह, गोपाल तिवारी, पप्पू सिंह, राजेश सिंह, राम पूजन, विपिन, जसकरन आदि मौजूद रहे।