उन्नाव के दरोगाबाग में 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। आयुर्वेदिक जागरूकता रैली निकाली गई और यज्ञ-पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। अतिथियों ने पारंपरिक चिकित्सा अपनाने का संदेश दिया।
उन्नाव। शहर के दरोगाबाग में 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस धूमधाम से मनाया गया। भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना की गई। इसके अलावा जागरूकता रैली निकालकर लोगों से आयुर्वेद अपनाने की अपील की।
विज्ञापन
दरोगाबाग स्थित जिला आयुर्वेद एवं यूनानी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां शक्ति नर्सिंग एंड फार्मेसी आयुर्वेदिक कॉलेज की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली दरोगाबाग से शुरू हुई और निराला पार्क के पास समाप्त हुई। रैली में हम सबने ठाना है, आयुर्वेद को अपनाना है जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद आयुर्वेद कॉलेज परिसर में यज्ञ-पूजन का आयोजन किया गया।
आचार्य राघवेंद्र, आचार्य राजीव शर्मा और मंजू मूर्ति ने पूजा कराई। प्राचार्य डॉ. आरके सिंह, संस्थापक डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनिल कुमार सिंह, प्रीती गुप्ता, छात्र-छात्राओं और अतिथियों ने यज्ञ में आहुति डाली। मुख्य अतिथि सदर विधायक पंकज गुप्ता ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि भानू मिश्रा ने भी आयुर्वेद अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे हम स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। संस्थापक डॉ. राजेश सिंह ने संदेश दिया कि आयुर्वेद अपनाकर हम शरीर को स्वस्थ बना सकते हैं।