पाटन। बारासगवर क्षेत्र में छह दिन पहले हुई युवक की हत्या में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर जेल भेजा है। घटना के बाद से वह फरार था।
बारासगवर थानाक्षेत्र के गिरजानगर निवासी दिनेश कुमार 13 नवंबर की शाम घर से बिना बताए निकले थे। दूसरे दिन उनका शव चिलौली-पिपरसरि मार्ग के किनारे खंती में भरे पानी में शव पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम के बाद पत्नी सीता ने रविवार को पति की हत्या का आरोप बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के नयाखेड़ा निवासी अवनीश पर लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अवनीश पर हत्या, आपराधिक साजिशे, हरिजन एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी अवनीश कुमार उर्फ मुनक्की को लालकुआं के पास से गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर जेल भेजा है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है। उस पर बीघापुर कोतवाली में भी मामले दर्ज हैं।