औरास। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर बृहस्पतिवार की देर रात संडीला से दवा लेकर बाइक से लौट रहे दंपती की बाइक कंबाइन मशीन से टकरा गई। इस हादसे में मासूम की मौत हो गई, जबकि दंपती घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
विज्ञापन
औरास थाना क्षेत्र के सरौंद गांव निवासी कौशल (40) बृहस्पतिवार दोपहर बाद दवा लेने पत्नी पूजा (35) और बेटे नैतिक (3) के साथ संडीला गए थे। बृहस्पतिवार की रात लौटते समय संडीला-चकलवंशी मार्ग पर शीशी चौराहे पर निजी गेस्ट हाउस के पास आगे चल रही कंबाइन मशीन के चालक ने ब्रेक लगाई तो बाइक कंबाइन में भिड़ गई। हादसे में दंपती और मासूम घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस से सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के दौरान नैतिक की मौत हो गई। दंपती को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया। बेटे की मौत से माता-पिता और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।