बेटे की मौत से बदहवास मां प्रेमवती और अन्य परिजन। संवाद
सफीपुर। गदनाखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार को तालाब में मछली पकड़ने गया युवक डूब गया। देर शाम तलाश के दौरान वह अचेत अवस्था में मिला। सीएचसी लाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गदनाखेड़ा गांव निवासी सोनेलाल (28) पुत्र सूबेदार बृहस्पतिवार दोपहर गांव के पूर्वी छोर पर तालाब में मछली पकड़ने गया था। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश की। डूबने की आशंका पर तालाब में भी ढूंढ़ा गया तो वह अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे सीएचसी लाए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से मां प्रेमवती और बहन गुड़िया बेहाल हैं। मां ने बताया कि पति की नौ साल पहले मौत हो गई थी। एक बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। सोनेलाल ही घर का सहारा था, अभी उसका विवाह नहीं हुआ था। लेखपाल राजेश कुमार ने घटनास्थल पर जांच की और सरकारी सहायता दिलाने का अश्वासन दिया। कोतवाल संदीप मिश्रा ने बताया कि अभी घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।