अचलगंज (उन्नाव)। चार दिन पहले घर से निकले युवक का शव कस्बे के जंगलेश्वर मंदिर से 100 मीटर दूर ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी निकालने से हुए सूखे गड्ढे में अर्धनग्नावस्था में पड़ा मिला। काम करने वाले श्रमिक ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शव कई दिन पुराना होने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा सुरक्षित किया गया है।
बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के महाई गांव निवासी पप्पू निर्मल (48) बहरीन देश में कपड़ों पर प्रेस करने का काम करते थे। पत्नी सुमन ने बताया कि पति 11 अक्तूबर को घर आए थे। पांच नवंबर की शाम घर से निकले थे लेकिन वह घर नहीं लौटे। सात नवंबर को ही पति की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। तब से हम लोग तलाश कर रहे थे।
सोमवार को पुलिस ने भट्ठे के पास गड्ढे में शव पड़ा मिलने की जानकारी दी। तीन बच्चों में एक बेटा वह दो बेटियां हैं। शव मिलने की सूचना पर एसओ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान वहां युवक की काली जींस, सफेद टी शर्ट, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, शव के बगल में ही पानी को बोतल, गमछा व घड़ी रखी मिली। चप्पल भी पास में पड़ी थी। युवक के बाएं पैर के पंजे में जंगली जानवर या कुत्तों द्वारा नोचे जाने के निशान हैं। शव कई दिन पुराना होने से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। विसरा सुरक्षित किया गया है।
थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
20 दिन बाद है बेटी की शादी
पप्पू निर्मल की बड़ी बेटी रोशनी की शादी अजगैन कोतवाली के नवाबगंज में तय हुई है। 30 नवंबर को बेटी की बरात आनी है। उसी की तैयारी के लिए पिता पहले ही विदेश से आ गए थे। बेटे निखिल ने बताया कि पिता बैंक जाने की बात कहकर निकले थे। शादी में बाइक देने के साथ अन्य सामान भी लेना था। इसी वजह से 2.50 लाख रुपये निकालना था। पिता पासपोर्ट, पासबुक, आधार कार्ड सब रखे थे। घर न लौटने पर हम लोगों ने सीसीटीवी कैमरे देखे तो महाई गांव से सिकंदरपुर कर्ण तक बाइक से दिखे हैं। एक रिश्तेदार के यहां भी गए। उसके बाद कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर कहां चले गए, किसी को पता नहीं। बेटे ने अभी किसी पर कोई शक नहीं जताया है।