उन्नाव-लालगंज हाईवे पर भैंसई गांव के सामने बने कट को बंद करने के लिए लगाए गए बोल्डर। संवाद
अचलगंज। महाशिवपुराण कथा सुनने जाने और आने वाले श्रद्धालुओं के साथ हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्नाव-लालगंज हाईवे पर कटों को बोल्डर लगाकर बंद किया गया है। इसके साथ ही जगह-जगह पुलिस भी तैनात की गई है, जिससे विपरीत दिशा से वाहन न आ सकें।
बीघापुर के गौरी ब्लॉक में चल रही शिवकथा के दौरान अचानक हाईवे पर दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। सोमवार को राजमिस्त्री की मौत और 12 अधिक लोगों के घायल होने की सूचना पर प्रशासन की मुस्तैदी बढ़ गई है। थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने पीएनसी के अधिकारियों से बात कर भैंसई गांव के सामने बने कट में बोल्डर लगवा कर उसे बंद करा दिया है। इसके साथ ही सराय गांव के पास बने कट पर दोनों ओर दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। लोहचा से कोरारी की ओर विपरीत दिशा में जाने वाले वाहनों पर बैरियर लगा कर पुलिस ड्यूटी लगा दी गई है। पुलिस की मेहनत का नतीजा रहा कि तीनों कटों के पास मंगलवार को पूरे दिन कोई दुर्घटना नहीं हुई।