उन्नाव। गांव से शहर आई महिला को सिविल लाइन मोहल्ला स्थित त्रिपाठी बिल्डिंग के पास तीन ठगों ने ठग लिया। झांसे में लेकर उसके जेवर उतरवा लिए और भाग गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
माखी थानाक्षेत्र के धौकलखेड़ा गांव निवासी कमला पत्नी रामबिलास ने बताया कि 18 अक्तूबर को वह काम से उन्नाव जा रही थी। आरोप है कि त्रिपाठी बिल्डिंग के पास वाली गली में पहले से खड़ी महिला और दो पुरुषों ने उसे रोक लिया। तीनों ने पहले हालचाल जाना और हमदर्दी जताते हुए बातचीत शुरू कर दी। इन लोगों ने कपड़े में लिपटी सिलाई की हुई नोटों की गड्डी दिखाई। उसमें से कुछ महक आ रही थी। पीड़िता के मुताबिक उसकी सुगंध आने के बाद उसे कुछ होश नहीं रहा। उन लोगों ने जो मांगा उतारकर दे दिया।
पीड़ित ने बताया कि ठग उसकी कान की बाली और सोने की चेन लेकर चले गए। तब तक कुछ होश नहीं रहा। होश आने पर ठगी का एहसास हुआ। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से जांच की जा रही है।