अचलगंज। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर करारी मोड़ के पास सड़क पार कर रही महिला की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह एक आढ़ती के पास काम करती थी।
अचलगंज थाना क्षेत्र के कोरारी कला गांव निवासी रमेश सोनकर की पत्नी शिखा (35) गांव के सामने स्थित कोल्ड स्टोरेज में आढ़ती के पास मजदूरी करती थी। सोमवार की देर शाम काम खत्म कर घर लौटते समय हाईवे पार करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मां की मौत से तीन बेटे और एक बेटी बेहाल हैं।
पति-पत्नी दोनों मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। पति ने गांव के ही संजय के खिलाफ लापरवाही से बाइक चलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष एसएन त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।