उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र की महिला ने युवक पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। कहा कोतवाली में प्रार्थनापत्र दिया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एसपी ने कोतवाल को जांच के आदेश दिए हैं।
एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि वह चार साल की बच्ची के पालन-पोषण के लिए चाय की दुकान चलाती है। आरोप है कि दुकान पर चाय पीने आने वाले युवक ने बड़े घर में 14-15 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। 17 सितंबर 2026 को आरोपी नौकरी के लिए एक साहब से मिलाने की बात कहकर मरहला चौराहा स्थित होटल में ले गया।
आरोप है कि होटल के कमरा नंबर चार में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने और दुकान में आग लगवाने की धमकी दी। तीन अक्तूबर को वह मां के साथ आरोपी के घर शिकायत करने जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
घायल महिला ने जिला अस्पताल पहुंचकर मेडिकल परीक्षण कराया। उसके बाद भी पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।