उन्नाव। गिरजाबाग मोहल्ला निवासी युवक को चटाई टोला मोहल्ले में धर्म पूछकर पीटने और घर में तोड़फोड़ करने के मामले पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सीसीटीवी कैमरे की जांच में सच्चाई पुलिस के सामने आई। इस मामले में किला चौकी इंचार्ज लगातार पीड़ित पक्ष पर सुलह का दबाव बना रहे थे।
सदर कोतवाली के गिरजाबाग मोहल्ला निवासी विवेक सोनी ने पुलिस को बताया कि चार अक्तूबर की रात 10 बजे वह काम से चटाई मोहल्ला गए थे। वहां पहले से मौजूद वर्ग विशेष के इमरान, निगार आलम, मुजम्मिल और आरिफ सहित आठ से 10 अज्ञात लोगों ने रोककर नाम पूछा। हिंदू कहने पर पीटने लगे। यही नहीं रात में घर आकर भी तोड़फोड़ की थी। उनके हाथ में धारदार औजार भी थे। पथराव में विवेक की मां को भी चोट आई थी।
पहले किला चौकी इंचार्ज सुलह का दबाव बनाते रहे लेकिन मामला जब हिंदूवादी नेता विमल द्विवेदी तक पहुंचा तो उन्होंने कोतवाल से बात की और घटना से संबंधित सीसीटीवी भी उपलब्ध कराए। सीसीटीवी चेक करने के बाद हकीकत सामने आई। सोमवार रात में ही पुलिस ने नामजद आरोपियों के साथ अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।