फोटो-37- विकास भवन में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में सफल छात्राएं बीएसए व शिक्षकों के साथ। स्रोत: शिक्षक
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास भवन सभागार में हुई जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें परिषदीय स्कूलों के 51 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। उच्च प्राथमिक स्कूल करनाईपुर की शायमा ने पहला, उच्च प्राथमिक स्कूल पिंडोखा की संध्या ने दूसरा और उच्च प्राथमिक स्कूल मटरिया की नैना गौतम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
छात्रों ने चार्ट पर अपनी कल्पना से विकसित भारत को दिखाया। किसी ने स्वच्छ एवं हरे- भरे भारत का चित्र बनाया तो किसी ने शिक्षा, समानता, महिला सशक्तिकरण, विज्ञान एवं तकनीकी विकास को चित्र में दर्शाया। छात्रों ने ऐसे भारत की कल्पना प्रस्तुत की जहां हर बच्चे को शिक्षा मिले,पर्यावरण सुरक्षित रहे और सभी नागरिक मिल जुलकर देश के विकास में योगदान दें। जिला स्तरीय निर्णायक मंडल द्वारा सभी चित्रों को परखकर अंक दिए गए। विजेता बच्चों को बीएसए शैलेष कुमार पांडेय और बीईओ देवेंद्र कुमार ने मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता से पहले सदर विधायक पंकज गुप्ता, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह और बीएसए ने दीप प्रज्जवलन किया। इस दौरान एसआरजी डॉ. रचना सिंह, अखिलेशचंद्र शुक्ला, मसर्रत फात्मा, नोडल एआरपी, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।
छात्र घर से लाए कलर, तब लिया पेंटिंग में प्रतिभाग
चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल होने वाले छात्रों को चार्ट के साथ कलर भी देना था, लेकिन छात्र खुद कलर खरीदकर लाए और प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। यही नही छात्रों की संख्या अधिक होने और चित्र बनाने के लिए जगह कम पड़ने से भी परेशानी उठानी पड़ी।
एनएसएस के स्वयं सेवकों ने कचरा उठाकर स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत डीएसएन की राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रचना त्रिवेदी के नेतृत्व में कॉलेज परिसर से गांधी नगर तिराहा, स्वच्छता ही सेवा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत, प्लास्टिक मुक्त भारत हो, स्वच्छता ही सेवा है जैसे नारों से आम जनमानस को जागरूक किया। इसके बाद आनंद घाट, शुक्लागंज में नमामि गंगे परियोजना की अधिकारी किरण एवं स्थानीय नागरिकों और नगर पालिका के सहयोग से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। घाट परिसर की सफाई कर प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक भी हुआ। इसमें सार्थक, नीरज, संकल्प, त्रिभुवन और नाजिया ने प्रतिभाग किया।