उन्नाव। शहर के छिपियाना तिराहे के पास सोमवार की रात जिम से घर लौट रहे दो युवकों से मारपीट की गई। इससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में तालिब सराय के सभासद सहित चार नामजद और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर कोतवाली के एबीनगर मोहल्ला निवासी जावेद अहमद ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 28 सितंबर की रात उनका बेटा मो. यूनुस दोस्त दिव्यांश के साथ जिम से लौट रहा था। आरोप है कि छिपियाना से पहले ढाल पर चिकन हाउस के सामने काले रंग की कार सवार लोगों ने उन्हें टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवारों ने गालीगलौज की और मारपीट शुरू कर दी। यूनुस के दोस्त अमन और शिवा जानकारी मिलने पर उन्हें बचाने पहुंचे तो उन्हें भी पीट दिया। मारपीट के दौरान भीड़ बढ़ती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
पुलिस ने जावेद अहमद की तहरीर के आधार पर तालिब सराय निवासी फहद सिद्दीकी, जुनैद मिर्जा और कहारों का अड्डा निवासी सैफ उर्फ शूटर को नामजद किया है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मारपीट में शामिल फहद सिद्दीकी तालिब सराय मोहल्ले का सभासद है। बताया जाता है कि वह पहले भी ऐसी हरकतों में शामिल रहा है। दूसरा आरोपी सैफ उर्फ शूटर एक कट्टरपंथी पार्टी का समर्थक है और अक्सर सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी सोच के पोस्ट करता रहता है।