औरास। बरादेव गांव में तीन महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले युवक का शव कूड़ा निस्तारण केंद्र में लोहे की पाइप से रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसके प्रेम विवाह से परिजन खुश नहीं थे। इससे आए दिन विवाद होता था।
औरास थाना क्षेत्र के बरादेव गांव निवासी आशू मौर्य (24) पुत्र नन्हके टेलर था। वह शाहपुर तोंदा गांव में कपड़ों की सिलाई की दुकान किए था। आशू के ससुर गुरुचरण ने बताया कि बेटी मुस्कान का उससे चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह तो कर लिया था लेकिन आशू के परिजन शादी से खुश नहीं थे। इसी बात को लेकर आए-दिन झगड़ा होता था। घर वाले आशू पर अलग घर बनाकर रहने का दबाव बना रहे थे। इसके लिए भी वह राजी हो गया था और भट्ठे पर ईंट के लिए बात भी कर ली थी।
बृहस्पतिवार को वह घर से भट्ठे पर जाने की बात कहकर निकला था, फिर नहीं लौटा। पत्नी ने पति की तलाश कराई लेकिन कुछ पता नहीं चला। मोबाइल भी बंद जाने लगा। शुक्रवार दोपहर गांव से 500 मीटर पहले मोहान-औरास मार्ग के किनारे बने कूड़ा निस्तारण केंद्र के लोहे की पाइप में रस्सी के फंदे से शव लटका मिला। वह सात भाई-बहनों में छठे नंबर का था। बेटे की मौत पर मां नंदरानी और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।