उन्नाव। गूगल पर डॉक्टर का मोबाइल नंबर तलाश रही महिला को साइबर ठगों ने निशाना बनाया। साइबर ठगों ने डॉक्टर के नाम पर महिला को फोन किया और व्हाट्सएप पर पीडीएफ फाइल भेजकर उसमें मरीज की जानकारी भरवाई। जैसे ही पीडीएफ फाइल भरी, महिला के खाते से दो लाख रुपये निकल गए। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला हिरननगर निवासी दीपा पत्नी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दो सितंबर को वह गूगल पर डॉक्टर आलोक पांडेय का मोबाइल नंबर खोज रही थीं।
इसी दौरान एक नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आया। बातचीत के बाद फोन करने वाले ने व्हाट्सएप पर पीडीएफ फाइल भेजी। महिला ने फाइल खोली तो उसमें मरीज का नाम, वजन और उम्र समेत कुछ जानकारी मांगी गई थी। उसने अपने मोबाइल से मांगी गई जानकारी भर दी।
ब्योरा भरने के कुछ देर बाद ही यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा हिरन नगर के खाते से दो सितंबर को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में एक लाख रुपये निकल गए। महिला के अनुसार तीन सितंबर को भी छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 99,957 निकाले गए।
खाते से 1,99,957 रुपये निकाल लिए गए। बैंक जाने पर इसका पता चला। पीड़िता ने 22 सितंबर को कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज कर लेनदेन से जुड़े खातों और फोन नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है।