पुरवा। कस्टोलवा मोहल्ला निवासी महिला ने डायल 112 पर आत्महत्या करने की सूचना देने के बाद दुपट्टे के फंदे से लटक गई। पुलिस जब तक पहुंचती परिजन फंदे से उतारकर उसे सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पति ने पुलिस को पत्नी के मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया।
कोतवाली क्षेत्र के कस्टोलवा मोहल्ला निवासी पिंकी (35) पत्नी मोनू ने शनिवार की देर शाम यूपी-112 पर सूचना दी कि वह ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने जा रही है। सूचना मिलते ही अलर्ट हुई पुलिस कुछ ही देर में उसके घर पहुंची तो पता चला कि परिजन उसे फंदे से उतारकर स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए हैं। पुलिस भी वहीं पहुंची, तब तक डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति ने पुलिस को बताया कि शाम सात बजे मवेशियों के चारा पानी की तैयारी कर रहा था।
बड़े बेटे कुशाग्र ने आकर बताया कि मां कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है। कई बार आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिला। वहां जाकर देखा तो वह अंदर से बंद था। दरवाजे में कई बार पैर मारने पर अंदर लगी कुंडी खुल गई। अंदर वह दुपट्टे से लटकी थी। आनन-फानन उसे सीएचसी लाए, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मायका रायबरेली जिले के थाना गुरुबक्शगंज के मिश्रीखेड़ा गांव का है।
कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि परिजनों ने महिला के मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने की बात बताई है। पोस्टमार्टम कराया गया है, उसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।