उन्नाव। दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की की नोटिस चस्पा किया है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला कासिम नगर निवासी हसीब अहमद पर दुष्कर्म की प्रााथमिकी दर्ज है लेकिन वह काफी समय से फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। न्यायालय में भी हाजिर नहीं हो रहे हैं। इस पर अपर जिला जज विशेष न्ययाधीश पॉक्सो एक्ट की न्यायालय से आरोपी के खिलाफ कुर्की का आदेश हुआ है। मंगलवार को किला चौकी प्रभारी उग्रसेन सिंह पुलिस टीम के साथ कासिम नगर पहुंचे। बताया कि हसीब दुष्कर्म के मामले में वांछित है। न्यायालय से आदेश जारी होने के बाद भी उसके हाजिर न होने पर यह कार्रवाई की गई। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए सार्वजनिक रूप से सूचना दी गई है। घर पर नोटिस चस्पा करा दी गई है। इसके बाद भी हाजिर न होने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
पॉक्सो के वांछित आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल
हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एक महीने पहले किशोरी के पिता की तहरीर पर भिटवा गदनखेड़ा गांव निवासी अनीश उर्फ हिमांशु के खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को फरहदपुर मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल भेजा है।(संवाद)