घटना की जानकारी पर बदहवास बैठे परिजन। संवाद
बांगरमऊ। बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर सोमवार देर शाम गंगा पुल से एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी। इससे मौके पर हलचल मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस वहां पहुंची। घटना कानपुर के बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र की होने से वहां की पुलिस और एसडीआरएफ तलाश कर रही हैं।
नसिरापुर गांव निवासी सूरज (35) पुत्र स्व. सुशील कटियार सोमवार देर शाम बोलेरो से पुल पर पहुंचा। उसने गाड़ी वहीं खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें मोबाइल मिला। मोबाइल पर फोन आने से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। मां गायत्री ने बताया कि सूरज इकलौता पुत्र था। वह सोमवार दोपहर बाद बोलेरो लेकर घर से निकला था। शाम को फोन करने पर उसने मदारनगर गांव के पास होने की बात कही थी।
परिजन बांगरमऊ पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन घटनास्थल बिल्हौर का होने से बांगरमऊ पुलिस लौट गई। बिल्हौर पुलिस ने गोताखोरों, नाविकों और एसडीआरएफ के माध्यम से सूरज की तलाश शुरू कराई है। सूरज के मौसा राजेश ने बिल्हौर कोतवाली में तहरीर दी है। बेटे के न मिलने से मां, पत्नी शिखा, दो बेटियां गौरान्वी, आराध्या और बहनें श्रष्ठी, रुचि, शुचि बेहाल हैं।