फोटो-20- आरोपी पिता राजू और बेटा राज। स्रोत: पुलिस
सफीपुर। मोबाइल चोरी करने के आरोपी का अपहरण कर सिर, दाढ़ी और मूंछ बनवाने और जूते-चप्पल की माला पहनाने के आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेजा है।
आसीवन थाना क्षेत्र के पाठकपुर निवासी राजू सिंह बेटे राज के साथ 30 जुलाई को गांव बाहर बाग में बनी झोपड़ी में सो रहे थे। आरोप लगाया कि गांव के सोनू ने दोनों के मोबाइल चोरी कर लिए थे। तलाश में एक मोबाइल सोनू के पिता की गांव के बाहर रखी गुमटी में कपड़े में लिपटा मिला था। दोनों सोनू की तलाश कर रहे थे। तीन दिन पहले दोनों उसे लखनऊ के मोहल्ला बुद्धेश्वर से पकड़कर लाए और गांव में उसके सिर के साथ आधी मूंछ मुड़वाई। गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आनन-फानन में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया था। सोनू के पिता की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी राजू की पत्नी रेखा का आरोप है कि पुलिस को सूचना दी गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पिता-पुत्र को जेल भेजा है। सिर मूड़ने वाले नाई औरास थानाक्षेत्र के महरौंधा निवासी धर्मेंद्र को भी हिरासत में लिया गया है।