फोटो-2- मो. इरफान (फाइल फोटो)
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार स्कूटी सवार ठेकेदार नवीन मंडी के पास सब्जी विक्रेता की ठेलिया से टकराकर सड़क पर गिर गया। पीछे से आए डंपर से कुचलकर मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
आसीवन थाना क्षेत्र के हैदराबाद के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी मो. इरफान (25) पुत्र रमजान अली फैक्टरी में ठेके पर मजदूर उपलब्ध कराता था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह स्कूटी से उन्नाव जा रहा था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नवीन मंडी पुल के पास आगे चल रहे सब्जी के ठेले से स्कूटी टकरा गई। सिर के बल इरफान सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया।
पीआरवी पुलिस एनएचआई की एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाई। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया। बड़े भाई रिजवान ने बताया कि इरफान अविवाहित था। वह आठ भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां अफसाना सहित अन्य परिजन बेहाल हैं।
अपराध निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे हैं। हैदराबाद के अध्यक्ष बृजमोहन वर्मा को बुलाकर उनके सामने परिजन से लिखवाकर शव सौंपा जा रहा है। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।