उन्नाव। कासिफ अली सरांय मोहल्ला निवासी बैग सिलाई का काम करने वाले कारीगर का शव हुसैनगंज स्थित एक खाली प्लॉट में मिला। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मुकीम (35) सोमवार सुबह 7:30 बजे काम पर जाने के लिए घर से निकला था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा और उसका फोन भी बंद था। बड़े भाई शमीम ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह शमीम किला पुलिस चौकी पहुंचे।
पुलिस ने उन्हें सोमवार देर शाम मिले अज्ञात युवक के शव के बारे में बताया। फोटो देखकर परिजनों ने शव की पहचान मुकीम के रूप में की। पुलिस को जांच में मुकीम के शरीर पर कोई चोट नहीं मिली है।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मुकीम शराब पीने का आदी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसलिए, मौत के कारण का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। मुकीम का विवाह नहीं हुआ था और वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी।