अचलगंज। आजाद मार्ग चौराहे पर चार दिन पहले कार की टक्कर से गिरे स्कूटी सवार सराफा कारोबारी के करीब 13 लाख के चांदी के जेवर गायब हो गए थे। पुलिस ने मंगलवार को चोरी की प्राथमिकी तो दर्ज कर ली लेकिन तहरीर में चांदी की मात्रा नहीं दिखाई है।
शुक्लागंज के गांधीनगर मोहल्ला निवासी सराफा कारोबारी कुंज बिहारी एक अगस्त को आजाद मार्ग चौराहे के पास कार की टक्कर से स्कूटी समेत गिर गए थे। बताया कि मदद के नाम पर दो युवकों ने स्कूटी की डिकी से गिरे कपड़े का झोला उठा ले गए थे। झोले में सात किलो चांदी की बिछिया थीं जिनकी कीमत करीब 13 लाख है। लाखों के जेवर गुम होने से पुलिस हरकत में आई थी लेकिन बाद में घटना को फर्जी बता दिया था। पीड़ित से कहा कि जहां से आप आ रहे थे, वहीं छूट गया होगा। पीड़ित को वहां दोबारा जाना पड़ा। एसओ ने पीड़ित को सीसीटीवी फुटेज दिखाए थे, जिसमें चोरी न होने की बात बताई थी। पीड़ित का कहना था कि फुटेज में घटनास्थल साफ नजर ही नहीं आ रहा है। पहले पुलिस ने टहलाया लेकिन बाद में प्राथमिकी दर्ज की। एसओ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।