फोटो-28-पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद मृतक अजय कुमार के परिजन। संवाद
उन्नाव। बुद्धीखेड़ा गांव में घर से मोड़ तक जाने की बात कहकर निकले शटरिंग कारोबारी का शव गांव से 750 मीटर दूर राजेपुर पतारी स्थित शराब ठेके के पास पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन ने हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस ने पैनल से पोस्टमार्टम कराया। उसके सिर, गर्दन और पेट में चार चोटें मिली हैं।
सदर कोतवाली के बुद्धीखेड़ा गांव निवासी अजय कुमार उर्फ गुड्डू (27) लखनऊ में रहकर शटरिंग लगाने का काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। बहन विजय लक्ष्मी ने बताया कि रविवार को भाई घर आया था। शराब का लती होने से शाम करीब चार बजे वह गांव की मोड़ तक जाने की बात कहकर निकला था। उसके बाद फिर नहीं लौटा, हम लोगों ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांव से करीब 750 मीटर दूर राजेपुर पतारी स्थित एक शराब ठेके के पास भाई का शव पड़ा मिलने की सूचना मिली।
बहन का कहना है कि भाई की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। नशे की हालत में उसके दोस्तों से ही कभी-कभी विवाद होता था। उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या की है। इस पर पैनल बनाया गया। पैनल में शामिल हसनगंज सीएचसी के डॉ. अमित अग्रवाल, पुरवा सीएचसी के डॉ. राहुल बिहारी ने पोस्टमार्टम किया तो सिर, गर्दन और पेट में चार गंभीर चोटें मिली हैं। मौत का सही कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। वह छह भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।