फोटो-5- उन्नाव-हरदोई मार्ग पर गिरा पेड़। स्रोत: पाठक
सफीपुर। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बम्हना गांव के पास बुधवार की सुबह बारिश के कारण बबूल का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से रुक गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पेड़ बुधवार की सुबह करीब आठ बजे गिरा जिससे वाहनों की करीब एक किलोमीटर लंबी लाइनें लग गईं। इससे दफ्तर और अस्पताल जा रहे अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष परेशानी हुई। दोपहिया चालकों ने गांवों के कच्चे रास्तों से निकलने का प्रयास किया। हालांकि, कीचड़ और फिसलन के कारण वे सफल नहीं हो पाए। पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दोनों विभागों के कर्मचारियों ने कटर मशीनों से एक घंटे के भीतर सुबह नौ बजे तक पेड़ की डालियों को हटा दिया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो सका। इस दौरान एक घंटे तक मार्ग बाधित रहा।