चकलवंशी। माखी के सुदेशाबहादुरपुर गांव में ननिहाल आए बच्चे पर नशे में धुत मामा ने तमंचे से गोली चला दी। गोली दाहिने हाथ में कंधे के पास छूते हुए निकल गई। परिजनों ने बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अरोपी मामा की तलाश कर रही है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के रसूलवापुर गांव निवासी आशू (13) पुत्र श्यामू तीन दिन पहले माखी थानाक्षेत्र के सुदेशाबहादुरपुर गांव निवासी मामा मुनेश्वर के घर आया था। आशू के फुफेरे भाई माखी के कैथखेड़ा निवासी रामकिशोर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 8:30 बजे मुनेश्वर नशे की हालत में घर आया। उसने आशू से कोई सामान उठाकर लाने को कहा। मना किया तो पास रहा तमंचा निकालकर फायर कर दी। गोली आशू के दाहिने हाथ की भुजा को छूते हुए निकल गई। घायलावस्था में उसे अस्पताल लाया गया है, इलाज चल रहा है। बेटे के घायल होने से मां सन्नो बेहाल है। माखी थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना का पता चला है। मामा फरार है, हर बिंदु पर जांच की जा रही है।