नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जगदीशपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक का तिरपाल काटकर मोबिल आयल के 12 गत्ते चुरा लिए। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे चालक की नींद खुलने पर उसे चोरी का पता चला।
कानपुर जिले के हाथीपुर गांव निवासी चालक चांदअली शाह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात ट्रक में लखनऊ के चिनहट से मोबिल तेल लादकर कानपुर किदवईनगर जा रहे थे। रात करीब दो बजे अजगैन कोतवाली के जगदीशपुर मोड़ पर पेट्रोल पंप पर ट्रक खड़ा कर ढाबे पर खाना खाया और सो गया। सुबह पांच बजे उठने पर उसने देखा कि वाहन का तिरपाल कटा था। वाहन से मोबिल तेल के 12 गत्ते गायब थे। एक गत्ते में पांच लीटर के चार डिब्बे थे, जिससे कुल 240 लीटर तेल चोरी हुआ। चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच की तो पंप पर लगे सीसीटीवी में एक कार सवार लोग घटना को अंजाम देते दिखे। चालक ने बताया कि तहरीर देने गए थे लेकिन पुलिस ने ली नहीं। कहा अभी जांच होगी। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है। घटना संदिग्ध लग रही है। हल्का इंचार्ज जांच कर रहे हैं।