बिछिया। दही-मोहनलालगंज मार्ग पर बिछिया स्थित गैस एजेंसी के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई। दूसरे की हालत गंभीर है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
पुरवा कोतवाली के बिछिया गांव निवासी मंजेश यादव (32) की शादी तीन साल पहले लंगरपुर गांव निवासी जागेश्वर की बेटी सोमती से हुई थी। साथी सुघर के साथ मंगलवार की देर रात ससुराल से वापस बिछिया आ रहा था। दही-मोहनलालगंज मार्ग पर गैस एजेंसी के पास वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। इलाज के दौरान मंजेश की मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी और अन्य परिजन बेहाल हैं। मंजेश का दो माह का बेटा रुद्र और भाई नवरंग है।
कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायल का इलाज चल रहा है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।