असोहा। असोहा थानाक्षेत्र के बहेरियाबुजुर्ग गांव में पानी की मोटर ठीक करते समय युवक करंट लगने से झुलस गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बहेरियाबुजुर्ग गांव निवासी सचिन (27) घर में लगी पानी की मोटर का तार सही कर रहा था। तार सही करने के बाद उसने उसे चेक करने के लिए स्विच दबाया। तभी मोटर का कटा तार उसके हाथ से छू गया। चप्पल न पहने होने के कारण सचिन करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजन उसे नवाबगंज के निजी अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी गीता ने बताया कि उनके पति मजदूरी करते थे और उनका छह साल का बेटा सूर्यांश है। थानाध्यक्ष फूलसिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।