चकलवंशी। अहराडडिया-हमीरपुर मार्ग किनारे बाग में खड़े ट्रैक्टर में लगी चाबी बच्चे ने खेल-खेल में घुमा दिया। गियर लगा होने से ट्रैक्टर स्टार्ट होने के बाद चलने लगा। उतरने की कोशिश में ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आने से कुचल कर मौत हो गई।
आसीवन थानाक्षेत्र के बीरूगढ़ी गांव निवासी राजू कठेरिया बाग में आम तोड़ने का काम करते हैं। गांव से पांच किलोमीटर दूर हमीरपुर गांव के पास गांव के ही मुन्ना के बाग के आम खरीदे हैं। सोमवार को राजू अपने बेटे राज (12) के साथ आम तोड़ने गया था। बाग में खड़े मुन्ना के ट्रैक्टर पर राज खेलने लगा। चाबी लगी होने से राज ने उसे घुमाया, इससे ट्रैक्टर चालू हो गया। गियर पड़ा होने से वह आगे बढ़ा तभी राजू ट्रैक्टर से नीचे गिरा और पहिया उसी पर चढ़ने से गंभीर घायल हो गया। पिता घायल बेटे को मियागंज सीएचसी लेकर गया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि बेटा कक्षा चार का छात्र था। बहन अंशिका है। बेटे की मौत से मां सुशीला और अन्य परिजन बेहाल हैं।
थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजन शव लेकर आसीवन के बीरूगढ़ी अपने गांव ले चले गए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।