फोटो-19-पुलिस हिरासत में खड़े खुद को रिपोर्टर बताकर उगाही करने के आरोपी। स्रोत: पुलिस
उन्नाव। हाईवे पर वाहन चालकों से वसूली करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक तीनों खुद को रिपोर्टर बताकर दबाव बनाते थे। तीनों के पास से आठ हजार रुपये और एक समाचार चैनल के फर्जी परिचय पत्र (आईडी) भी मिले हैं।
अमेठी जिले के छोटा गुरियाना मोहल्ला निवासी अरविंद कुमार सोनक उर्फ बबलू ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह लोडर चालक है। 17 मई की रात करीब 10:30 बजे पशुओं को लेकर दही स्थित स्लाटरहाउस जा रहा था। रायबरेली रोड से दही औद्योगिक क्षेत्र की तरफ मुड़ने पर कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सीएनजी पंप पास प्रेस एवं केवल प्रेस कार्य हेतु लिखी हुई दो बाइकों से चार युवक पीछा कर आए और ओवरटेक कर रोक लिया। खुद को रिपोर्टर बताते हुए 25 हजार रुपये की मांग की। मना करने पर धमकाया तो मजबूरी में 10 हजार रुपये दिए। उन्होंने अपने नाम प्रशांत त्रिपाठी, पुष्पेंद्र यादव, आमिर और शिवप्रताप सिंह बताए।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अवस्थीखेड़ा निवासी प्रशांत त्रिपाठी, पहलीखेड़ा के पुष्पेंद्र यादव और छोटा चौराहा निवासी आमिर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तीनाें के पास से आठ हजार रुपये और फर्जी आईडी बरामद हुई हैं। प्रशांत पर पहले से तीन मामले दर्ज हैं। चौथे आरोपी शिवप्रताप सिंह की तलाश की जा रही है।